ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ग्रेटर नोएडा की एक हाई राइज सोसाइटी में बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सूंघाकर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। एक महिला मेड के काम के लिए आई और महिला को बेहोश करके जबरन उसके घर में से मंगलसूत्र नगदी व अन्य सामान चोरी करके फरार हो गई।


दरअसल यह पूरा मामला बिसरख थाना क्षेत्र की आम्रपाली किंगस वुड गोल्ड होम्स सोसाइटी का है,जहां शांति मिश्रा अपनी बहु के साथ रहती है।बताया जा रहा है कि उनकी बहु काफी दिनों से मेड की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को दोपहर के समय एक महिला उनके फ्लैट पर पहुंची और शांति मिश्रा ने जब दरवाजा खोला तो उसने कहा कि वह मेड के काम के लिए यहां पर आई है ।इस पर शांति मिश्रा ने उसे शाम को आने के लिए कहा और कहा कि अभी बहू घर पर नहीं है लेकिन इसी दौरान उस महिला ने अपनी हाथ में कुछ लेकर उनको सुंघा दिया,जिससे वह बेहोश होकर गिर गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद उस महिला ने फ्लैट में चोरी करने शुरू कर दी और घर में रखी हुई नकदी उनके गले में पहना हुआ मंगलसूत्र व अन्य सामान चोरी कर लिया ।करीब 1 घंटे बाद बुजुर्ग महिला को होश आया। तब उन्होंने देखा कि घर का सामान इधर-उधर बिखरा हुआ पड़ा है और कई चीज चोरी भी हैं, इसके बाद उन्होंने इसको लेकर पड़ोसियों को बताया और फिर पुलिस को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तब बुजुर्ग महिला ने अपनी साथ हुई पूरी घटना बताई।पुलिस ने महिला को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया और आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले में जुट गई है।
बिसरख पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग महिला की बहू के द्वारा घर के काम के लिए मेड की तलाश की जा रही थी।उसी के सिलसिले में एक महिला उनके फ्लैट पर पहुंची और इस घटना को अंजाम दिया है।मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं,जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।














