ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ग्रेटर नोएडा की जेवर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के नगला जहानु गांव में बच्चा चोरी की अफवाह और शक के चलते एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए वायरल वीडियो के आधार पर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब पास के ही एक गांव की रहने वाली एक महिला, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ है, लकड़ियां इकट्ठा करते हुए भटकते-भटकते नगला जहानु गांव जा पहुंची। महिला की संदिग्ध हालत और अनजान चेहरा देख गांव के कुछ लोगों ने बिना सोचे-समझे उसे ‘बच्चा चोर’ करार दे दिया। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी गई।
महिला खुद को बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन हिंसक भीड़ ने उसकी एक न सुनी। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
वीडियो वायरल होने और सूचना मिलने के तुरंत बाद जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और घायल महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले आई। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि महिला पूरी तरह निर्दोष है और वह मानसिक बीमारी के कारण रास्ता भटक गई थी।
कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने वायरल वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान की और मारपीट में शामिल हनीफ और सोहेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य उपद्रवियों की भी पहचान कर रही है।














