नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । नोएडा की थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने सेक्टर-135 यमुना डूब क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। महज़ वाहन की किस्त के चंद रुपयों के विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे का भारी हुक भी बरामद कर ली है।

क्या था पूरा मामला?
मामले की शुरुआत 1 मार्च 2026 को हुई, जब थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-135 स्थित यमुना डूब क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तो मृतक की पहचान राकेश कुमार (निवासी बदायूं) के रूप में हुई, जो वर्तमान में इसी क्षेत्र में रह रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट द्वारा टीमों का गठन किया गया और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
किस्त के पैसों ने बनाया कातिल
पुलिस की सघन पूछताछ और मैनुअल इंटेलिजेंस से यह बात सामने आई कि मृतक का अपने ही बेटे सतेन्द्र कुमार के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। 6 मार्च को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सतेन्द्र कुमार को सेक्टर-168 स्थित छपरौली लेबर चौक से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। सतेन्द्र ने बताया कि वाहन की किस्त के पैसों को लेकर उसके और उसके पिता के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। 28 फरवरी की रात को भी इसी बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर सतेन्द्र ने आपा खो दिया और पास ही पड़ी लोहे की एक भारी ठोस पिन (हुक) से अपने पिता पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।














