ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) : ग्रेटर नोएडा की थाना नॉलेजपार्क पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बिजली के तार चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो विडंबना यह है कि उसी कॉलेज में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत थे, जहाँ उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 40 बंडल तार और घटना में इस्तेमाल की गई बलेनो कार बरामद की है।

चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
मिली जानकारी के अनुसार नॉलेजपार्क थाना पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर शारदा गोलचक्कर के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध बलेनो कार को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसके अंदर से बिजली के तारों के भारी मात्रा में बंडल बरामद हुए, जिसके संबंध में सवार युवक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
आरोपियों की पहचान सुल्तान, नसीम खान उर्फ शकील, आदिल और दक्ष के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों ने कबूल किया कि वे नॉलेज पार्क-3 स्थित एक निजी कॉलेज में इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं। उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से रात के अंधेरे में कॉलेज परिसर से ही बिजली के तारों के 40 बंडल चोरी किए थे और उन्हें ठिकाने लगाने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों में से सुल्तान एक शातिर अपराधी है, जिस पर मेरठ के विभिन्न थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट समेत पहले से ही तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी के 40 बंडल बिजली के तार बरामद किए हैं ओर घटना में प्रयुक्त बलेनो कार को जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही कर जेल भेज दिया है।














