ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । आगामी होली पर्व को देखते हुए नोएडा के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शुक्रवार को विभाग की अलग-अलग टीमों ने नोएडा और दादरी के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए और संदिग्ध सामान को सीज करने की कार्रवाई की।

तेल निर्माण इकाई और डयरियों पर छापा
सहायक आयुक्त खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि होली के त्योहार पर मिलावटखोरी की आशंका को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. पांडेय और विशाल कुमार गुप्ता की टीम ने ब्रह्मपुरी, दादरी स्थित ‘कपिल कुमार एंड ब्रदर्स’ की तेल निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। यहाँ टीम ने रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल के टैंक से एक नमूना और पैक्ड तेल का एक नमूना जांच हेतु लिया।
वहीं, दूसरी टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना और अमर बहादुर सरोज ने सेक्टर-27, नोएडा स्थित ‘ब्रजवासी पनीर भंडार’ से पनीर और ‘गढ़वाल डेयरी’ से खोया के नमूने लिए। त्योहारों के दौरान पनीर और खोया की मांग बढ़ जाती है, जिसमें मिलावट की सर्वाधिक गुंजाइश रहती है।
छापेमारी के दौरान सेक्टर-65, बहलोलपुर स्थित ‘किशनपुरी ट्रेडर्स’ पर बड़ी गड़बड़ी पाई गई। यहाँ ‘फ्यूचर एक्टिव’ ब्रांड के रिफाइंड सोयाबीन तेल के 15 किलोग्राम वाले 5 टिन मिले, जिनके लेबल पर अनिवार्य सूचनाएं सही ढंग से अंकित नहीं थीं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने तेल का नमूना लेकर अवशेष स्टॉक को मौके पर ही सीज कर दिया। छापेमारी के दौरान विभाग ने कुल 5 नमूने संग्रहित कर उन्हें जांच के लिए लैब में भेज दिया है।














