ग्रेटर नोएडा । नोएडा पुलिस ने अपनी सतर्कता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए नागरिकों के गुम हुए 100 महंगे स्मार्टफ़ोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के दिशानिर्देशन में, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा हृदेश कठेरिया के पर्यवेक्षण में सेंट्रल नोएडा सर्विलांस सेल और थाना फेस 2 नोएडा पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
आज, 12 जुलाई 2025 को थाना फेस 2 क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर इन मोबाइल फोनों को उनके स्वामियों को सुपुर्द किया गया। इन फोनों की गुमशुदगी सेंट्रल नोएडा ज़ोन के विभिन्न थानों में दर्ज थी।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ये मोबाइल फ़ोन विभिन्न परिस्थितियों में गुम हुए थे। इनमें से कुछ भीड़भाड़ वाले बाज़ारों, सब्ज़ी मंडियों और साप्ताहिक बाज़ारों में ख़रीदारी करते समय गिर गए थे। वहीं, कई मोबाइल यात्रा के दौरान ऑटो, टैक्सी, बसों और मेट्रो ट्रेनों में छूट गए थे। कुछ लोगों के बाइक चलाते समय ढीले कपड़ों से गिर गए थे, जबकि ई-रिक्शा में यात्रा करते समय ब्रेकर पर गिरने के मामले भी सामने आए।
इसके अतिरिक्त, काम करने वाले कारीगरों के फ़ोन काम ख़त्म होने के बाद छूट गए थे, और सार्वजनिक पार्कों में खेलते या व्यायाम करते समय भी मोबाइल गुम हुए थे। शादियों और अन्य बड़े आयोजनों में अत्यधिक भीड़ के कारण या शराब के नशे में भी कई लोगों के फ़ोन गिर गए या छूट गए थे। धार्मिक स्थलों जैसे मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों में भी कुछ मोबाइल मिले, और बच्चों द्वारा खेलते समय छोड़े गए फ़ोन भी बरामद किए गए।














