नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । नोएडा पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सेक्टर-113 थाना पुलिस और नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार को पुलिस ने सेक्टर-72 के पास से अवैध गांजे की तस्करी करने वाले तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को दबोच लिया। इनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसात थाना सेक्टर-113 पुलिस और नारकोटिक्स सेल की टीम क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर सेक्टर-72 के पास से तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 30 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल हक, आलम हुसैन और बिलाल हुसैन के रूप में हुई है। ये तीनों वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद की झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे थे।
पश्चिम बंगाल से एनसीआर तक फैला नेटवर्क
पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कुचबिहार जिले के निवासी हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पश्चिम बंगाल से बेहद सस्ते दामों पर गांजा खरीदते थे और उसे ट्रेनों व ट्रकों में छिपाकर एनसीआर (नोएडा-गाजियाबाद) लाते थे। यहाँ वे इस नशे को ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाते थे।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्यवाही कर रही है।














