ग्रेटर नोएडा । पूरे देश में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शिवालयों में सुबह से ही शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। मंदिरों में ‘हर हर महादेव’ और ‘बम बम भोले’ के जयकारे गूंज रहे हैं।

ग्रेटर नोएडा में भी ऐसा ही उत्साह देखने को मिला। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आए कावड़ियों ने मंदिरों में गंगाजल चढ़ाया। सुबह से ही श्रद्धालु शिवलिंग पर दूध और जल अभिषेक करने के लिए पहुंच रहे थे।
हरिद्वार से कावड़ लेकर आए शिवभक्त सोनू ने बताया कि वह कई वर्षों से लगातार हरिद्वार से कावड़ ला रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘ढाई सौ किलोमीटर का सफर पता ही नहीं चलता कब पूरा हो जाता है। मैंने शिव से कभी कुछ नहीं मांगा, उन्होंने मांगने से पहले ही सब कुछ दिया है।’
उनके साथ कावड़ लेकर आए शिवभक्त संजय ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से लगातार हरिद्वार से कावड़ ला रहे हैं, और एक बार गोमुख से भी कावड़ लाए थे। संजय के अनुसार, ‘शिव की कृपा है कि इस पैदल शिव यात्रा में पता ही नहीं चलता कैसे पूरा सफर कट जाता है।’
मंदिर में आए भक्तों ने बताया कि आज का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार आज ही के दिन भगवान महादेव का विवाह हुआ था।














