ग्रेटर नोएडा । आगामी नववर्ष के अवसर पर जिले में संभावित भीड़ एवं ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर विकास समिति के प्रतिनिधि मंडल ने एसीपी दीक्षा सिंह से मुलक़ात कर पुलिस एवं ट्रैफिक प्रशासन से प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है। इसी क्रम में पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के लिए विशेष तैयारियाँ की हैं।
एसीपी दीक्षा सिंह ने जानकारी दी कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और अब ऐसे लोगों की खैर नहीं है। साथ ही शहर के सभी प्रमुख मॉल्स एवं सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही है, ताकि सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोसाइटी एवं स्थानीय कार्यक्रमों में आपसी सौहार्द के साथ नववर्ष मनाएँ और किसी भी विवाद को बढ़ावा न दें।
समिति की अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय ने भी लोगों से अनुरोध किया कि न्यू ईयर ईव पर सड़कों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएँ, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रहे और आम नागरिकों को असुविधा न हो।
सचिव अनूप सोनी ने कहा कि प्रशासन और नागरिकों के पारस्परिक सहयोग से ही सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जा सकता है।
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए सभी नागरिकों से संयम और जिम्मेदारी के साथ नववर्ष मनाने की अपील की है।
आज मीटिंग में रश्मि पांडेय, अनूप सोनी , नामित रंजन और अमित गिरी उपस्थित रहे।














