ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में 4 जुलाई को हुई एक महिला की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार इकोटेक-3 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि निर्माण विहार कॉलोनी में 37 वर्षीय शबनम पत्नी साबूद्दीन की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। शबनम मूल रूप से लुहारली, दादरी की रहने वाली थी और वर्तमान में हैबतपुर, बिसरख में रह रही थी। घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल दो पुलिस टीमें गठित की गईं।

मुठभेड़ और गिरफ्तारी का विवरण:
कार्यवाही के दौरान, इकोटेक-3 पुलिस टीम चौगानपुर गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का इशारा किया गया। संदिग्ध ने पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल मोड़ ली और चौगानपुर गोलचक्कर से सर्विस रोड पर भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाश ने अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर एक खाली अहाते/आंगन में कूदने का प्रयास किया।
बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान 38 वर्षीय मुकीम पुत्र मुबीन निवासी मोहल्ला मेवातियान, दादरी के रूप में हुई है।
पूछताछ में घायल आरोपी मुकीम ने बताया कि वह शबनम के साथ रिलेशनशिप में था, जिसका उसकी पत्नी और बच्चों ने विरोध किया। मुकीम शबनम से पीछा छुड़ाना चाहता था, इसलिए उसने शबनम को इकोटेक-3 स्थित अपने किराये के कमरे में ले जाकर चाकू से उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और आगे की आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।














