ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में नियमों को ताक पर रखकर ‘रसूख’ की नुमाइश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कानून की मर्यादाओं को सरेआम तार-तार किया जा रहा है।

सूरजपुर थाना क्षेत्र के मिग्सन ट्विन्स सोसाइटी यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि फॉर्च्यूनर कार पर नंबर प्लेट गायब है, शीशों पर काली फिल्म चढ़ी हुई है और गाड़ी पर उत्तर प्रदेश पुलिस का लोगो लगा है। इतना ही नहीं, कार में अवैध रूप से पुलिस फ्लैशर लाइट, हूटर और सायरन का इस्तेमाल कर सड़कों पर दहशत जैसा माहौल बनाया जा रहा है।
सूत्रों और स्थानीय निवासियों के मुताबिक, यह लग्जरी कार मुजफ्फरनगर में तैनात एक सर्कल ऑफिसर (CO) की बताई जा रही है। जानकारी मिली है कि अधिकारी का बेटा इसी सोसाइटी में रहता है और वह अक्सर इस तरह से कार लेकर निकलता है। रेजिडेंट्स का आरोप है कि इसकी शिकायत कई बार स्थानीय चौकी और सूरजपुर थाने में की गई, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
हैरानी की बात यह है कि कुछ दिन पहले सूचना मिलने पर डायल-112 की PCR भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन पुलिसकर्मी बिना कोई कार्रवाई किए वहां से लौट गए।”
मामले के तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद ग्रेटर नोएडा पुलिस हरकत में आई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण को संज्ञान में ले लिया गया है। संबंधित कार और उसके चालक की पहचान कर ली गई है और यातायात नियमों के उल्लंघन व अवैध रूप से पुलिस का लोगो के इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














