ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । जनपद गौतमबुद्धनगर में स्कूली वाहनों की फिटनेस और परमिट को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। डाॅ उदित नारायण पाण्डेय,सहायक संभागीय अधिकारी (प्रवर्तन गौतम बुद्ध नगर ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में जिले के सभी स्कूल प्रबंधकों और स्कूलों से अनुबंधित वाहन स्वामियों को निर्देशित किया गया है कि जिन स्कूली वाहनों की फिटनेस और परमिट समाप्त हो चुके हैं, उन्हें छात्रों के परिवहन में बिल्कुल भी संचालित न किया जाए।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी शिक्षण संस्थान अपने अधीन पंजीकृत और अनुबंधित स्कूली वाहनों की परिवहन विभाग से जांच कराकर उनके फिटनेस प्रमाण पत्र (स्वस्थ्यता प्रमाण पत्र) और परमिट का नवीनीकरण कराना सुनिश्चित करें। जब तक वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट वैध नहीं हो जाते, तब तक ऐसे स्कूली वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
परिवहन विभाग के अनुसार वर्तमान में जनपद गौतमबुद्धनगर में 47 स्कूली वाहन और 93 अनुबंधित स्कूली वाहन ऐसे हैं, जिनके फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट की अवधि समाप्त हो चुकी है। विभाग द्वारा इन सभी वाहन स्वामियों को नोटिस जारी कर दिया गया है।
इस संबंध में जिले के प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी स्कूल प्रबंधक या वाहन स्वामी द्वारा नियमों के विरुद्ध वाहन संचालन किया जाता है, तो उनके खिलाफ संबंधित विभाग के माध्यम से विधिक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा गया है। यदि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान और वाहन स्वामी की होगी।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि स्कूली वाहनों की फिटनेस और परमिट वैध होने के बाद ही उनका संचालन सुनिश्चित करें, ताकि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।














