ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता )। थाना सूरजपुर पुलिस और तीन संदिग्ध बदमाशों के बीच शुक्रवार दिन में उस समय मुठभेड़ हो गई, जब पुलिस एम. टेक कंपनी के सामने 130 मीटर रोड पर नोएडा जाने वाली सड़क पर चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान, एक सफेद रंग की बिना नंबर की स्कूटी पर तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए।

पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन तीनों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और एम. टेक कंपनी के पीछे ग्राम खोदना के जंगल की तरफ भागने लगे।
सूरजपुर पुलिस पार्टी ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान स्कूटी सवार दो व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। जिसकी सुरजपुर थाना पुलिस तलाश कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार घायल व्यक्तियों की पहचान प्रशांत (उम्र करीब 24 वर्ष), निवासी निजामपुर, खुर्जा (वर्तमान पता दादरी, गौतमबुद्धनगर), और हर्षित चौहान उर्फ मोहित चौहान उर्फ बिल्लू (उम्र 25 वर्ष), निवासी सैजपुर, अलीगढ़ (वर्तमान पता दादरी, गौतमबुद्धनगर) के रूप में हुई है। फरार व्यक्ति का नाम अभिषेक (उम्र 28 वर्ष), निवासी गौतमपुरी, दादरी, गौतमबुद्धनगर है।

घायल आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा,, एक-एक खोखा कारतूस, और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है और साथ कि आभूषण (सोने और चांदी) और 12,000/- रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की बिना नंबर की स्कूटी भी मौके से मिली है।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी तिलपता, डेल्टा और आसपास के क्षेत्रों में बंद मकानों से सोने-चांदी, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपी प्रशांत और हर्षित चौहान का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है, जिन पर दादरी, बीटा-2, रामपुरा (रेवाड़ी), नॉलेज पार्क, फेस-2, सूरजपुर, और फेस-3 सहित विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, और फरार आरोपी अभिषेक की तलाश में कॉम्बिंग की जा रही है।














