ग्रेटर नोएडा । नोएडा ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्यौहारी सीजन में आम जनमानस को सुरक्षित और मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में, 28 और 29 सिंतबर को नवरात्रि और दशहरा पर्व के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न स्थानों पर सघन छापेमारी की कार्यवाही की गई।

इस विशेष अभियान के तहत, विभाग की टीमों ने दो दिनों में कुल 12 नमूने संग्रहित कर जाँच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
वही खाद्य सुरक्षा अधिकारी सय्यद इबादुल्लाह और अमर बहादुर सरोज की टीम ने तुगलपुर मंडी स्थित रेहान पनीर भंडार और केंद्रीय विहार ग्रेटर नोएडा स्थित ईट क्लब से पनीर के 01-01 नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस. के. पांडेय और ओ. पी. सिंह की टीम ने फेस 2 सब्जी मंडी में पीले रंग से रंगे होने के संदेह में आलू का 1 नमूना लिया और लगभग 100 किग्रा आलू मौके पर ही नष्ट कराया।
वहीं जिसके बर्फ खाद्य सुरक्षा अधिकारी टीम ने गढ़ी चौखंडी फेस 3 नोएडा स्थित सोनू यादव की लड्डू विनिर्माण शाला को बिना रजिस्ट्रेशन के पाया। यहाँ से बूंदी का 1 नमूना लेकर 390 किग्रा बूंदी सीज की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, मालती और रविन्द्र नाथ वर्मा की टीम ने कुलेसरा ग्रेटर नोएडा स्थित संतोष ट्रेडर्स से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और कुट्टू के आटे का 01-01 नमूना लिया, साथ ही 82 किग्रा खुला कुट्टू का आटा सीज किया।
इसी टीम ने सिरसा स्थित देव डेयरी से पनीर का 1 नमूना और दनकौर स्थित सुपर मार्केट से साबूदाना, सेंधा नमक और कुट्टू के आटे का 01-01 नमूना लिया।
और एक अन्य टीम ने J 26 साइट V इंडस्ट्रियल एरिया कासना स्थित कंट्री साइड इंटरप्राइजेज प्रा. लि. की गुड़ निर्माणशाला से गुड़ तथा गुड़ पाउडर का 1-1 नमूना लिया।
विभाग ने इस कार्रवाई के दौरान बिना रजिस्ट्रेशन चल रही लड्डू निर्माणशाला से 390 किग्रा बूंदी सीज की, वहीं 100 किग्रा संदिग्ध आलू और 82 किग्रा खुला कुट्टू का आटा भी सीज/नष्ट किया गया। कुल मिलाकर, लगभग 472 किग्रा से अधिक खाद्य सामग्री सीज और नष्ट की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा और आम जनता को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।














