ग्रेटर नोएडा । उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, पी.सी. मीना (आईपीएस) ने रविवार को गौतमबुद्धनगर जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। उनके आगमन पर कारागार के मुख्य द्वार पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक कारागार सुभाष चंद्र शाक्य (आईपीएस) और जिला कारागार गौतमबुद्धनगर के अधीक्षक बृजेश कुमार ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण की शुरुआत महिला बैरक से हुई, जहां डीजी जेल ने महिला कैदियों पिंकी, प्रीति गुप्ता, हेमा तोमर और विदेशी बंदी अकीमोवा से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। किसी भी महिला बंदी द्वारा कोई शिकायत नहीं बताई गई। उन्होंने महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को बिस्कुट, चिप्स और कुरकुरे भी वितरित किए।
इसके बाद, श्री मीना ने कारागार के कौशल विकास केंद्र का निरीक्षण किया। बंदियों ने सिलाई, हेयर कटिंग, कंप्यूटर प्रशिक्षण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया, जिसमें “दिल है हिंदुस्तानी” थीम पर दी गई प्रस्तुति की विशेष प्रशंसा की गई। उन्होंने कारागार में चल रहे वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन और मधुमक्खी पालन से प्राप्त शहद उत्पादन का भी जायजा लिया। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि इन उत्पादों का और अधिक उत्पादन कर जेल ब्रांडिंग के साथ स्थानीय बाजार में उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान, श्री मीना ने सफेद चंदन का एक पौधा रोपा, जबकि डीआईजी कारागार सुभाष चंद्र शाक्य ने बहेड़ा का पौधा लगाया। उन्होंने सर्किल नंबर-2 का भी दौरा किया और पाकशाला में तैयार भोजन का निरीक्षण किया। बंदियों के लिए आलू-भिंडी की सब्जी, अरहर की दाल, चावल और रोटी बनाई गई थी। डीजी जेल और डीआईजी कारागार ने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता को संतोषजनक बताया। बैरक संख्या-8ई में विदेशी बंदियों से उनके मामलों और समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली गई, जिस पर किसी ने कोई शिकायत नहीं की।
कारागार चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां वार्ड-ए, सी और जी में भर्ती बीमार बंदियों से उनकी समस्याओं और दवा उपलब्धता के संबंध में पूछताछ की गई, और किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। अंत में, कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया गया, जहां सभी कैमरे क्रियाशील पाए गए। डीजी जेल ने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी उनकी समस्याओं के बारे में पूछा, जिस पर किसी ने कोई शिकायत नहीं की। इस अवसर पर जेल अधीक्षक बृजेश कुमार, अधीक्षक राजीव कुमार सिंह, जेलर संजय कुमार शाही और जेलर राजेश कुमार मौर्या सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।














