नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता )। ऑनलाइन शॉपिंग के दौर में धोखाधड़ी और चोरी के नए-नए तरीके अपनाने वाले अपराधियों पर नोएडा पुलिस ने नकेल कसनी शुरू कर दी है। थाना सेक्टर-142 की पुलिस टीम ने एक ऐसे ही शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी नाम-पते पर ऑनलाइन ऑर्डर मंगाकर डिलीवरी बॉय की आंखों में धूल झोंकता था और कीमती सामान पर हाथ साफ कर देता था।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों की गोपनीय सूचना पर गिरफ्तारी हुई है ।
पुलिस ने बताया कि 30 जनवरी 2026 को सेक्टर-142 थाने की टीम लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर जांच कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-137 स्थित पिलर नंबर-331 के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से एप्पल कंपनी की 3 कीमती घड़ियां (Watches) और 1 एयरपॉड्स (AirPods) बरामद हुए। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय हेमंत मलिक निवासी झज्जर, हरियाणा के रूप में हुई है।
शातिराना था चोरी का तरीका
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध करने के तरीके (Modus Operandi) का चौंकाने वाला खुलासा किया। हेमंत बेहद शातिराना तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों और फर्जी नाम-पते का उपयोग कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से ‘कैश ऑन डिलीवरी’ ऑर्डर बुक करता था। जब डिलीवरी बॉय सामान लेकर पहुंचता, तो वह किसी न किसी बहाने से ऑर्डर कैंसिल कर देता था। इसी आपाधापी और बातचीत के दौरान वह चकमा देकर डिलीवरी बैग से कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लेता था।
गिरफ्तार आरोपी हेमंत मलिक के खिलाफ नोएडा के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, थाना एक्सप्रेस-वे पर भी उसके विरुद्ध मामला दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने अब तक और कितने डिलीवरी पार्टनर्स को अपना निशाना बनाया है।














