ग्रेटर नोएडा । यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट से करीब 5-6 किलोमीटर आगे एक जैगवार कार में भीषण आग लग गई। गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुई इस घटना में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
यह हादसा ईकोटेक वन थाना क्षेत्र में हुआ। कार में गुरुग्राम के चार लोग सवार थे, जो मथुरा-वृंदावन जा रहे थे।
यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से आगे बढ़ते ही गाड़ी के अगले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हो गया। कार सवारों ने तुरंत गाड़ी को साइड में रोका। इतनी ही देर में कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में आग का गोला बन गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही ईकोटेक वन थाना पुलिस और दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। मौके पर आग बुझाने के तत्काल कोई इंतजाम नहीं दिखे।














