ग्रेटर नोएडा । शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में हर घर तिरंगा अभियान-2026 जनसहभागिता के साथ चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों तथा विभाजन की त्रासदी के पीड़ितों की स्मृति में विकास भवन से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक कैंडल मार्च निकाला गया।

आयोजित कैंडल मार्च में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी भू-अर्जन, जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जनपद प्रतिनिधि, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कैंडल मार्च के दौरान सभी ने शहीदों एवं विभाजन विभीषिका के पीड़ितों को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
कैंडल मार्च के कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने पर जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में कैंडल स्थापित कर शहीदों एवं विभाजन त्रासदी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट-गाइड प्रतिनिधियों एवं छात्र-छात्राओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।














