ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। त्यौहार के दौरान मिलावटखोरी रोकने और नागरिकों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभाग की टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलग अलग प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 5 नमूने संग्रहित किए और भारी मात्रा में असुरक्षित खाद्य सामग्री को जब्त व नष्ट किया।

मिठाई की दुकान पर मिली गंदगी, गुलाब जामुन नष्ट
अभियान की शुरुआत में सहायक आयुक्त खाद्य सर्वेश मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना और अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-62, रसूलपुर नवादा स्थित ‘सम्यक मिठाईवाला’ के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां लगभग 100 किलोग्राम गुलाब जामुन खुले में रखे पाए गए, जिनमें मक्खियाँ और मच्छर पड़े हुए थे। टीम ने तत्काल प्रभाव से एक नमूना जांच के लिए लिया और शेष दूषित गुलाब जामुन को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

तेल फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई: बिना फोर्टिफिकेशन लगा रहे थे लोगो
दूसरी बड़ी कार्रवाई ग्रेटर नोएडा के कासना (साइट-5) स्थित ‘जानकी बल्लभ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड’ में हुई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने वहां ‘Nutriglow’ ब्रांड के रिफाइंड सोयाबीन और पॉमोलिन तेल की जांच की। जांच में पाया गया कि कंपनी बिना वास्तविक फोर्टिफिकेशन प्रक्रिया के ही उत्पादों पर ‘फोर्टिफिकेशन लोगो’ का इस्तेमाल कर रही थी। इसके अलावा बैच नंबर और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख भी मौके पर नहीं मिले।

विभागीय टीम ने वहां से सोयाबीन और पॉमोलिन तेल के 3 नमूने लिए और नियम विरुद्ध पाए गए 291 टीन व लगभग 10,000 से अधिक पैक्ड पाउच को सीज कर दिया। साथ ही, मौके पर ‘Nutrilive Gold’ ब्रांड के 91 टीन एक्सपायर्ड तेल भी मिला, जिसे सीज कर नमूना प्रयोगशाला भेजा गया है।
जारी रहेगा अभियान
सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि होली तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि मानकों के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














