ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र के चिपियाना गाँव से एक घटना सामने आई है। जिसमे पिछले 6 दिनों से लापता 5 वर्षीय मासूम बच्चे का शव सोमवार को घर के पास स्थित एक तालाब से बरामद हुआ। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय निवासियों ने इस हादसे के लिए प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

खेलते समय हुआ था लापता
जानकारी के अनुसार, चिपियाना निवासी इंद्रपाल का 5 वर्षीय पुत्र ईशु बीते 18 फरवरी 2026 को घर के पास स्थित ‘कुत्ते वाले मंदिर’ के समीप खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी तलाश के बाद जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजनों ने बिसरख थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला पंजीकृत कर बच्चे की तलाश के लिए टीमें गठित की थीं, लेकिन 6 दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं लगा।

6 दिन बाद तालाब से बरामद हुआ शव
सोमवार, 23 फरवरी को मंदिर के ठीक सामने स्थित गहरे तालाब में बच्चे का शव तैरता हुआ देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि तालाब की गहराई और गंदगी के कारण शव को निकालने के लिए जेसीबी (JCB) की मदद लेनी पड़ी। पुलिस ने शव की पहचान ईशु के रूप में की है। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, बच्चा खेलते समय अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गया था और डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस मामले में फिलहाल किसी भी तरह के अपराध से इनकार किया है।
प्रशासन पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
इस दुखद घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तालाब की कभी सफाई नहीं होती और न ही इसके चारों ओर कोई सुरक्षा घेरा या बाउंड्री बनाई गई है। निवासियों का कहना है कि आए दिन यहाँ हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की कुंभकर्णी नींद नहीं टूट रही है।














