नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) ।
नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का जानलेवा चेहरा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित थार कार ने सवारी से भरे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

कैसे हुआ हादसा?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सेक्टर-49 स्थित एक निजी अस्पताल के ठीक सामने घटित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थार कार की रफ्तार काफी अधिक थी। चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सामने से आ रहे ई-रिक्शा को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा सड़क पर कई बार पलटा, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों की स्थिति
हादसे में ई-रिक्शा में सवार राजेश, अनूप, राकेश और ओमप्रकाश बुरी तरह घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और सभी घायलों को पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य तीन का उपचार जारी है।

हादसे के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से थार और ई-रिक्शा को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
पुलिस ने बताया कि कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।














