ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता )। नोएडा जिले का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। उत्तर प्रदेश लखनऊ के खाद्य सुरक्षा आयुक्त और स्थानीय जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों पर विभाग ने शुक्रवार को एक बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग थोक विक्रेताओं और डेयरियों से दूध व पनीर के 5 नमूने सील किए, साथ ही मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए जाने पर लगभग 300 किलो मिलावटी पनीर मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

कहाँ-कहाँ हुई कार्रवाई और कितना पनीर हुआ नष्ट?
सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आम जनता को मिलावट मुक्त दूध और दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी की:
(1).चौधरी डेरी (हल्दौनी, ग्रेटर नोएडा): खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने यहाँ से पनीर का एक नमूना लिया। मौके पर मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक दिखने वाला 100 किलोग्राम पनीर जब्त कर नष्ट करा दिया गया।
(2). चौहान डेरी (सेक्टर-15, नोएडा): खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह और विशाल गुप्ता की टीम ने यहाँ छापा मारकर पनीर का एक नमूना लिया। प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त पाए जाने पर यहाँ से 200 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
(3). हल्दीराम स्नैक्स प्रा. लि. (सेक्टर-65, नोएडा): खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने इस नामी आउटलेट से दूध और पनीर का 1-1 नमूना जांच के लिए संग्रहित किया।
(4). प्रमोद डेरी (जहांगीरपुर, जेवर): इसी अभियान के तहत टीम ने जेवर तहसील के अंतर्गत इस डेरी से दूध का 1 नमूना लिया।
विभाग ने आज की छापेमारी में कुल 5 संदिग्ध नमूने कलेक्ट किए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।














