ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । गौतमबुद्ध नगर में खुले और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के कड़े निर्देशों पर जिले के तीनों जोन में लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार रात सेंट्रल नोएडा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खुले में जाम छलका रहे 343 लोगों को रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस की इस अचानक हुई छापेमारी से शराबियों में हड़कंप मच गया और कई जगहों पर भगदड़ की स्थिति बन गई।

डीसीपी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में चला अभियान
सेंट्रल नोएडा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शैलेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ यह अभियान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के आदेशानुसार पूरी कड़ाई से चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़कों और बाजारों में आम जनता, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को बनाए रखना है। रविवार रात को सेंट्रल नोएडा के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ पार्कों, मुख्य बाजारों, ठेकों के आस-पास और सड़क किनारे खड़े वाहनों में चेकिंग की।
कानूनी कार्रवाई और सख्त चेतावनी
अभियान के दौरान पकड़े गए सभी 343 लोगों को हिरासत में लेकर संबंधित थानों में लाया गया। डीसीपी ने बताया कि इन सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत उचित कानूनी धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ सभी को भविष्य के लिए सख्त हिदायत दी है।
यह अभियान फिलहाल रुकने वाला नहीं है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने साफ कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में भी यह धरपकड़ इसी तरह जारी रहेगी।














