ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित सिग्मा अपार्टमेंट के पास शनिवार को एक नाइजीरियन नागरिक का शव मिला । शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई जिसके बाद पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गयी , जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम घटना स्थल पर पहुची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 को जीटा-1 निवासी चार्ल्स कैनेडी ने सूचना दी कि नाइजीरियन नागरिक माइक (उम्र करीब 39 वर्ष) का शव सिग्मा अपार्टमेंट के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना बीटा-2 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मानसिक और शारीरिक रूप से अस्वस्थ था तथा अक्सर इधर-उधर घूमता रहता था। पुलिस के मुताबिक वह कई बार खुले स्थानों पर भी सो जाता था। शुरुआती जांच में किसी बीमारी के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा । फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।














