नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती करना एक युवक को भारी पड़ गया, लेकिन नोएडा की सेक्टर-113 पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ऐसे संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो ‘ग्रांइडर गे डेटिंग ऐप’ के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाकर लूटपाट और धोखाधड़ी को अंजाम देता था। पुलिस ने इस गैंग के तीन सक्रिय सदस्यों को सेक्टर-76 से गिरफ्तार किया है।

कैसे बिछाते थे हनीट्रैप का जाल?
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। यह गैंग संगठित रूप से काम करता था। सबसे पहले ये ‘ग्रांइडर ऐप’ पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क साधते थे और उनसे नजदीकियां बढ़ाते थे। जब पीड़ित पूरी तरह झांसे में आ जाता, तो उसे मिलने के लिए किसी सुनसान या निर्धारित स्थान पर बुलाया जाता था।
जैसे ही पीड़ित वहां पहुँचता, आरोपी उसे अपनी बिना नंबर प्लेट वाली बलेनो कार में जबरन बैठा लेते थे। इसके बाद हथियार या डर-धमकाकर पीड़ित से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए मोटी रकम वसूलते थे और उसके पास मौजूद कीमती सामान लूट लेते थे।

बरामदगी और आरोपियों का विवरण
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूट का माल और अपराध में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है जिसमे ₹30,000 नकद, 1 पीली धातु की चैन, 4 मोबाइल फोन, 1 बलेनो कार (बिना नंबर प्लेट) और 2 अलग से कार नंबर प्लेट बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम झा (20 वर्ष) जोकि मूल निवासी दरभंगा, बिहार का है। और सागर ठाकुर (18 वर्ष): मूल निवासी दरभंगा, बिहार व कमल (26 वर्ष): मूल निवासी अल्मोड़ा, उत्तराखंड के रूप में हुई है।
फिलहाल ये तीनों आरोपी वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर गाँव में रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का मुख्य सदस्य शिवम झा एक शातिर अपराधी है। उस पर अकेले थाना सेक्टर-113, सेक्टर-63 और सेक्टर-49 में लूट (धारा 392) और हत्या के प्रयास (धारा 307) जैसे गंभीर अपराधों के करीब आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।














