नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) : नोएडा की थाना फेस-1 पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 64 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बिना नंबर प्लेट की मारुति इको एम्बुलेंस बरामद की गई है। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹13 लाख बताई जा रही है।
झुंडपुरा बॉर्डर के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 जुलाई को गोपनीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर थाना फेस-1 पुलिस टीम ने झुंडपुरा बॉर्डर के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान ओमवीर सिंह (उम्र 48 वर्ष), निवासी ग्राम नागर (थाना अछनेरा, आगरा) के रूप में हुई है।
एम्बुलेंस को बनाया तस्करी का जरिया
पूछताछ में आरोपी ने तस्करी के अनोखे तरीके का खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि ‘उड़िया गांजा’ की बाजार में काफी मांग है। वह ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था।
पुलिस की नजरों और चेकिंग से बचने के लिए आरोपी ने एम्बुलेंस को अपना जरिया बनाया। एम्बुलेंस होने के कारण टोल प्लाजा पर उसे कोई नहीं रोकता था और न ही सामान्य चेकिंग के दौरान उस पर शक होता था। इसका फायदा उठाकर वह आसानी से भारी मात्रा में गांजा एक राज्य से दूसरे राज्य ले आता था।
छोटे पैकेट बनाकर दिल्ली में करता था सप्लाई
आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली में उसके छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचता था और इससे मिलने वाले मुनाफे को अपने शौक-मौज पूरे करने में खर्च करता था।














