इंदौर/भोपाल। चंबल विकास समिति के तत्वावधान में एक भव्य चंबल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 10 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में पचनदा (पंचनद संगम स्थल) पर संपन्न होगी।

यात्रा की शुरुआत मध्य प्रदेश के इंदौर के निकट महू स्थित जानापाव से होगी, जो विंध्याचल पर्वत श्रृंखला में स्थित है तथा भगवान परशुराम जी की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। यह यात्रा लगभग 1500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी तथा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान तीनों राज्यों का भ्रमण करेगी।
यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक ठाकुर जोगिंदर सिंह भदौरिया हैं। उनके नेतृत्व में लाखों लोग इस यात्रा में भाग लेंगे।
यात्रा का उद्देश्य:
चंबल क्षेत्र के निवासियों के जीवन-यापन, उनकी जीवन शैली, वीरता तथा साहस से देशवासियों को परिचित कराना है। यह यात्रा चंबल घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक सौंदर्य को उजागर करेगी तथा क्षेत्रीय विकास एवं एकता को बढ़ावा देगी।
चंबल विकास समिति सभी देशवासियों से इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करती है।














