ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा में चर्चित दीपक नागर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, थाना इकोटेक-3 पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी समेत दो फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है,पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
20 मई 2026 की रात ग्राम वेदपुरा में दीपक नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी,इस मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी।इस मामले में 21 मई को 2 आरोपियों को मुठभेड़ के बाद और 4 अन्य को यानि कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। लेकिन मुख्य आरोपी प्रीत नागर लगातार फरार चल रहा था ,जिसपे 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।
डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया है वर्ष 2011 में आरोपी के पिता की हत्या हुई थी, जिसमें मृतक दीपक नागर के पिता आरोपी थे लेकिन वह बाद में बरी हो गए थे, इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई और करीब एक महीने तक रेकी करने के बाद 20 मई को वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और हत्या में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है जिसकी तलाश जारी है।














