ग्रेटर नोएडा । गौतम बुद्ध नगर विकास समिति (GBNVS) एवं यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नोएडा एक्सटेंशन के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के लिए एक विशेष महिला स्वास्थ्य जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर डॉ. ज्योति मिश्रा, डायरेक्टर एवं HOD, ऑब्स्टेट्रिक्स एवं गायनेकोलॉजी ने महिला स्वास्थ्य एवं स्त्री रोगों के प्रति जागरूकता पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. अमरीन सिंह, सीनियर कंसल्टेंट एवं HOD, इंफर्टिलिटी एवं IVF ने बांझपन और IVF से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, रक्तचाप, रैंडम ब्लड शुगर, ऑक्सीजन सैचुरेशन एवं हार्ट रेट जांच की सुविधा भी प्रदान की गई। महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष हेल्थ कैम्पर भी उपलब्ध कराए गए।
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज की नींव है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान और उचित उपचार के लिए प्रेरित करते हैं।
समिति के सचिव अनूप सोनी ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकें।
यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के मार्केटिंग मैनेजर लवकुश ने बताया कि अस्पताल भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
भारती एवं गुंजन ने कहा, यह सत्र महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से भरपूर रहा। ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए बेहद आवश्यक हैं।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना की, आज इस कार्यक्रम में सरिता सिंह, अनुपमा, शिवानी, मधु, श्वेता एवं अन्य लगभग 70 से ज़्यादा महिलाओं ने सक्रिय रूप से सहभागिता की और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।














