ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कस्बे में सोमवार को 21 वर्षीय एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मेरठ निवासी सौरभ पुत्र गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। यह घटना उसकी पत्नी द्वारा दो दिन पहले नॉलेज पार्क क्षेत्र में हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने के बाद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। पीआरवी को सूचना मिली कि प्रेम कुंज गुरुद्वारा वाली गली में एक मकान के कमरे में किराए पर रहने वाले युवक ने फंदा लगा लिया है। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि सौरभ मूल रूप से मेरठ के बाफर, थाना जानी का रहने वाला था और सूरजपुर कस्बे में दीपक के मकान में किराए पर रह रहा था। युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला।
पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि पत्नी की मौत के बाद से सौरभ मानसिक तनाव में था।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में सौरभ की पत्नी ने हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। सौरभ और उसकी पत्नी ने करीब आठ महीने पहले प्रेम विवाह किया था। उनके बीच किसी व्हाट्सएप चैट को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते झगड़ा भी हुआ था। इसी विवाद के कारण पत्नी ने शनिवार को हॉस्टल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
पत्नी की मौत के बाद से सौरभ कथित तौर पर परेशान था, क्योंकि मृतका के परिवार वाले उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराना चाहते थे। फिलहाल, पुलिस दोनों आत्महत्याओं के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।














